मृत कारोबारी मनीष की पत्नी मीनाक्षी।
- फोटो : अमर उजाला।
कानपुर के प्रापर्टी डीलर मनीष गुप्ता की पत्नी मीनाक्षी गुप्ता को कानपुर विकास प्राधिकरण में ओएसडी पद पर सरकारी नौकरी दी जाएगी। कानपुर पुलिस लाइन में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद मीनाक्षी ने कहा, मैं मुख्यमंत्री जी से मिलकर पूरी तरह संतुष्ट हूं। उन्होंने पूरी मांगे मान ली हैं। मुआवजा, नौकरी और कानपुर केस ट्रांसफर करने पर सहमति जताई है। सीबीआई जांच को लेकर बोला कि उनको कोई आपत्ति नहीं है, संतुति करेंगे।
मीनाक्षी ने कहा है कि उन्हे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के न्याय पर पूरा भरोसा है। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद मीनाक्षी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सीएम योगी ने उनकी बात को गंभीरता से सुना और कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा।
उन्होंने इस मामले को गोरखपुर से कानपुर ट्रांसफर करने का भी आश्वासन दिया ताकि हम लोगों को कोई असुविधा न हो। मृतक कारोबारी की पत्नी ने कहा योगी जी ने मुझे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया है और वहां मौजूद अधिकारियों को इस संबंध में तत्काल निर्देश भी दिये हैं। मुझे और मेरा परिवार योगी जी के प्रति कृतज्ञ है और भरोसा है कि मुझे और मेरे बच्चे को न्याय मिलेगा।
क्या है पूरा मामला
यूपी के गोरखपुर में पुलिस की पिटाई के बाद प्रॉपर्टी डीलर मनीष गुप्ता (36) की सोमवार देर रात मौत हो गई थी। आरोप है कि हालत खराब होने के बाद पुलिस मनीष को लेकर एक निजी अस्पताल गई थी, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मेडिकल कॉलेज एंबुलेंस से अकेले ही भेज दिया था, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया।