कानपुर-सागर हाईवे पर महोबा-कबरई रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारकर 500 मीटर तक घसीटा। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए।
कस्बा कबरई के किदवईनगर निवासी सुनील कुशवाहा (23) मकरबई गांव स्थित राजा नट का बटाई पर खेत लिए था। फसल पककर तैयार हो जाने पर शुक्रवार रात करीब 12 बजे सुनील अपने साथी अंसार (18) के साथ बाइक से फसल की थ्रेसिंग कराने खेत जा रहा था। हाईवे पर कबरई के पास स्थित राधे श्याम सेल्स कॉर्पोरेशन के सामने महोबा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी।