महोबा जिले में चार माह पहले चोरी के आरोप में हिरासत में लिए गए ग्रामीण की बेरहमी से मारपीट करने, गर्म चाय डालकर झुलसाने और कान में नुकीले तार डाले जाने के मामले में तत्कालीन श्रीनगर थानाध्यक्ष, दरोगा समेत छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह कार्रवाई मानवाधिकार हनन आयोग लखनऊ के आदेश पर हुई।
थाना श्रीनगर के पवा गांव में पंचायत भवन का सबमर्सिबल पंप चोरी हो गया था। ग्राम प्रधान रेखा राजपूत ने अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो अप्रैल 2022 को प्रधानपति हरीओम, थाना श्रीनगर के एसआई सुरेंद्रनाथ, सिपाही उपेंद्र, रोहित व राजीव यादव ग्रामीण भारत सिंह के घर पहुंचे और चोरी के आरोप में हिरासत में लेकर थाने ले गए।
पीड़ित का आरोप है कि थाने में थानाध्यक्ष अनिल कुमार व सिपाहियों ने लाठी-ड़डें से मारपीट की। उसके ऊपर गर्म चाय डालते रहे और कानों में नुकीला तार डालने से कान के पर्दे फट गए। पूरे शरीर में गंभीर चोटें आने के बाद भी 24 घंटें थाने में रखकर प्रताड़ना दी गईं। हालत बिगड़ने पर तीन अप्रैल को जिला अस्पताल ले जाया गया।