महोबा जिले में थाना श्रीनगर के ननौरा गांव में लापता तांत्रिक का शव कुएं में बोरे में बंद मिलने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला के घर पहुंचकर अश्लील हरकतें करने और अवैध संबंध का दबाव बनाने के कारण दंपती ने तांत्रिक की हत्या की थी। उन्होंने रस्सी से गला कसकर उसे मारा था। इसके बाद दोनों ने शव को बोरे में भरकर बाइक से ले जाकर कुएं में फेंका था। पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
ननौरा निवासी पप्पू सेन खेती-किसानी के साथ झाड़फूंक करता था। 25 अप्रैल की रात वह घर से लापता हो गया था। दो मई की दोपहर उसका शव बोरे में बंद गांव से एक किमी दूर मिहीलाल अहिरवार के खेत में बने कुएं से बरामद हुआ था। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस की तीन टीमें मामले की जांच कर रही थीं। मोबाइल फोन में हुई बातचीत के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दो साल से पप्पू सेन सेलामाफ निवासी ठाकुरदास अहिरवार के घर झाड़फूंक करने जाता था। इससे दोनों परिवारों के बेहतर संबंध हो गए थे। पप्पू ठाकुरदास की पत्नी से फोन पर बातचीत करने लगा था। इसकी जानकारी होने पर ठाकुरदास से अपनी पत्नी को डांटा था और दोबारा बात न करने की चेतावनी दी थी। आरोप है कि 25 अप्रैल को पप्पू सेन शराब के नशे में ठाकुरदास के घर पहुंच गया और उसकी पत्नी उमा से संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा।
इसी दौरान ठाकुरदास भी कमरे में आ गया। फिर दंपती ने मिलकर पप्पू सेन की हत्या कर दी और शव बोरी में बंदकर बाइक में लादकर मिहीलाल के कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रस्सी, बाइक व मोबाइल फोन बरामद किया है। दंपती को जेल भेजा गया है।
मासूम भी मां के साथ गया जेल
हत्या में शामिल महिला के दो वर्षीय मासूम को भी मां के साथ जेल जाना पड़ा। माता-पिता दोनों के हत्या में शामिल होने के चलते मासूम की परवरिश कौन करेगा? इसको लेकर मां अपने मासूम बच्चे को भी साथ ले गई।