महोबा जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में बालिका समेत 15 लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। तीन की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। जनपद छतरपुर के रगौली गांव निवासी ओमप्रकाश अपनी पत्नी धर्मी व पुत्री आशना के साथ कस्बा लमौरा एक शादी समारोह में शामिल होने गया था।
शनिवार को पुत्री आशना (09) शादीघर के बाहर खेल रही थी। तभी तेज रफ्तार कार ने बालिका को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसी तरह बम्हौरी निवासी लखन, कबरई निवासी रामकली, जकारियापीर निवासी मोहसिन, सुकौरा निवासी सुमित्रा, बजरिया निवासी गोलू, कोहारी निवासी विवेक, सरीला निवासी युवी, पहरा निवासी सरोज, पठा निवासी जीतू, इटौरा निवासी मनोज, मऊरानीपुर निवासी गजेंद्र, बैहारी निवासी सोनू, महाराजपुरा निवासी पुष्पा व राठ निवासी अफरोज अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से आशना, लखन और रामकली की हालत नाजुक होने पर झांसी रेफर किया गया।