कानपुर। बजरिया थानाक्षेत्र के रामबाग में रिटायर्ड शिक्षक की पत्नी की लूटपाट कर हत्या के मामले में पुलिस ने सराफा व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने उन्नाव के सर्राफ से सोना खरीदा था। मामले में पुलिस तीन हत्यारोपियों को पूर्व में जेल भेज चुकी है।
रिटायर्ड शिक्षक सुनील कृष्ण मिश्रा की पत्नी प्रेमलता (71) पैरालाइसिस से ग्रसित थीं। नौ जुलाई को सुनील कुमार सीसामऊ बाजार गए थे तभी पड़ोस में रहने वाला नितिन कुमार त्रिपाठी उर्फ पंडित ने साथी शारिक अमीन, शहनवाज के साथ उनके घर में चोरी के इरादे से घुसा।
वृद्धा ने आरोपी नितिन को पहचान लिया तो उनकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्यारोपी नितिन कुमार, शारिक अमीन, शहनवाज को जेल भेजा दिया था। बजरिया इंस्पेक्टर अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि महाराष्ट्र के सोलार के ग्राम वंतावरे निवासी बालाजी शिवाजी पवार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने उन्नाव के सर्राफ से लूटा हुआ सोना खरीदा था। आरोपी के पास से पांच हजार रुपये बरामद किए गए हैं। उन्नाव के सराफा व्यापारी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।