कोरोना संक्रमण की वजह से रेलवे अभी कोविड-19 स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। इसके तहत कई यात्री सुविधाओं में कटौती की गई है। झींझक रेलवे स्टेशन समेत कई छोटे स्टेशनों पर स्पेशल ट्रेनों का स्टॉपेज खत्म किया गया है। अलीपुर द्वार से दिल्ली के बीच 10 दिसंबर (05484-05483) से महानंदा एक्सप्रेस का ठहराव भी कानपुर देहात के झींझक रेलवे स्टेशन से खत्म किया गया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पैतृक गांव परौंख का यह सबसे नजदीकी स्टेशन है। इस कारण उनके पूर्व प्रतिनिधि रहे व्यापारी नेता श्याम मोहन दुबे ने महानंदा एक्सप्रेस का स्टॉपेज बहाल करने के लिए राष्ट्रपति भवन को पत्र लिखा है।
कोरोना काल में दिल्ली से रीवा जाने वाली रीवा एक्सप्रेस का स्टॉपेज भी झींझक से खत्म किया गया था। श्याम मोहन दुबे ने इस संबंध में राष्ट्रपति भवन से पत्राचार किया था। इसके बाद स्टॉपेजबहाल हो गया था। इसके बाद रेलवे ने प्रयागराज से मेरठ और देहरादून के बीच चलने वाली संगम और लिंक एक्सप्रेस का स्टॉपेज भी खत्म कर दिया है।