फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माफिया मुख्तार की तबीयत बिगड़ी: पुलिस छावनी में बदला मेडिकल कॉलेज परिसर,अफसरों के माथे पर दिखी चिंता की लकीरें

Tue, 26 Mar 2024 08:12 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा

सार

Banda News: मंडल कारागार में बंद माफिया मुख्तार अंसारी को पेट दर्द की शिकायत पर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत स्थिर है।
विज्ञापन
माफिया मुख्तार की तबीयत बिगड़ी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांदा जिले के मंडल कारागार में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की सोमवार रात साढ़े 11 बजे अचानक हालत बिगड़ गई। पेट दर्द की शिकायत पर जिला अस्पताल के तीन डॉक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसकी जांच की। सुधार न होने पर मंगलवार सुबह उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन


डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत स्थिर है। चार-पांच दिन से मल न होने के कारण कब्ज के साथ साथ पेट की गैस पास न होने के चलते मुख्तार को तकलीफ हुई थी। दोपहर को उसका भाई सांसद अफजाल अंसारी, बेटा उमर व बहू निखत भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जिला कारागार से मेडिकल कॉलेज ले जाने वाले डॉ. ह्दयेश पटेल, डॉ. शिशिर व डॉ. एसडी त्रिपाठी के मुताबिक रमजान में रोजे की वजह से चार-पांच दिन से मुख्तार को कब्ज की शिकायत थी।

गैस पास न होने की वजह से पेट फूलने लगा और दर्द बढ़ गया। मेडिसिन से कवर न होने पर मंगलवार की सुबह एंबुलेंस से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेजा गया। उसे इमरजेंसी में देखकर आईसीयू में भर्ती किया गया है। यहां सर्जरी विभाग के डॉ. कुलदीप, आईसीयू इंचार्ज डॉ. सुशील व मेडिसिन विभागाध्यक्ष आदि की टीम ने उसका इलाज शुरू कर दिया है। फिलहाल मुख्तार को आराम मिला है, वह अपने भाई अफजाल से भी मिला है और बातचीत की है।
विज्ञापन

 

पुलिस छावनी में बदला कॉलेज परिसर
माफिया मुख्तार के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर कॉलेज परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। एडीएम राजेश कुमार, एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र समेत जिले के कई थानों का फोर्स मुख्तार की सुरक्षा में तैनात रहा। दोपहर एक बजे करीब अपनी-अपनी गाड़ियों से माफिया के भाई सांसद अफजाल अंसारी और छोटा बेटा उमर अंसारी और बड़े बेटे अब्बास की पत्नी निकहत अंसारी मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां अफजाल अंसारी ने भी रोजे की वजह से कब्जियत की बात कही है। उधर, बेटे उमर अंसारी ने पिता से न मिलने देने का आरोप लगाया है।

आसपास बने वार्डों से तीमारदार हटाए गए
माफिया मुख्तार अंसारी के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा की दृष्टि से आईसीयू के आसपास बने वार्डों से तीमारदारों को हटाया गया। एक मरीज के साथ सिर्फ एक तीमारदार के रहने की इजाजत दी गई। इस पर मरीजों के साथ आए तीमारदार लॉबी में पड़े रहे।

बांदा से लेकर लखनऊ तक रही पल-पल की खबर
सुबह जैसे ही लखनऊ से मिली अनुमति के बाद माफिया मुख्तार को मेडिकल कॉलेज ले जाने का निर्णय लिया गया, तभी से बांदा हो या लखनऊ दोनों जगहों के अधिकारियों की नींद हराम हो गई। जनपद के अधिकारियों का लाव-लश्कर तो शाम तक मेडिकल कॉलेज में डटा रहा। वहीं लखनऊ से अधिकारी पल पल भर में मोबाइल की घंटी बजाकर यहां के अधिकारियों से माफिया की सेहत का अपडेट लेते रहे। शाम को जब उसे वापस जेल ले जाने का निर्णय किया गया तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन

सूत्रानुसार मुख्तार को मेडिकल कॉलेज तक ले जाने तक का मामला तो ठीक था, लेकिन जब उसके भाई अफजाल, बेटे उमर के आने की जानकारी मिली तो अधिकारी एक बार फिर से सतर्क हो गए। कहीं किसी की कोई टिप्पणी से कोई नया हंगामा न हो जाए, लिहाजा लखनऊ से भी सख्त निर्देश मिले थे कि स्थिति को काबू में रखा जाए।

शाम करीब साढ़े पांच बजे डॉक्टरों से सलाह लेने के बाद आखिर में मुख्तार को फिर से वापस जिला कारागार भेजने का निर्णय लिया गया। तुरंत ही प्रशासन ने वज्र वाहन के साथ पूरा काफिला तैयार किया और हूटर बजाते हुए माफिया को जेल गेट के भीतर करने के बाद ही राहत की सांस ली।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें