यूपी के हरदोई जिले में पुलिस चौकी के सामने इतना बड़ा कांड हो गया और पुलिस आंख मूंदे पड़े रही। यहां के गोपामऊ इलाके में नकाबपोश बदमाशों ने एक मकान पर धावा बोल दूसरी मंजिल पर कमरे में सोए युवक को बंधक बना लिया। तमंचे के बल पर युवक से अलमारी की चाभी छीन ली। सवा दो लाख रुपये और इतनी ही कीमत के जेवर लूट लिए। थाना प्रभारी ओपी तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। देर शाम एडिशनल एसपी पूर्वी निधि सोनकर और सीओ हरियावां अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
टड़ियांव थाने के अचरजन मोहल्ले में पुलिस चौकी के सामने नूर मोहम्मद का पैतृक मकान है। नूर मोहम्मद के चार बेटे शब्बीर, वकील, शकील और मुस्तकीम हैं। शब्बीर का भी कस्बे में ही एक मकान है। मुस्तकीम की घर के पास ही मोबाइल शॉप है, जबकि शब्बीर का धर्मकांटा और अन्य कारोबार हैं। कभी-कभार परिवार के लोग दूसरे मकान में सोने चले जाते हैं।
शनिवार की रात मुस्तकीम दूसरी मंजिल पर जबकि पत्नी और बच्चे नीचे कमरे में सोए थे। मुस्तकीम ने बताया कि रात लगभग एक बजे कमरे में छह बदमाश घुस आए। बदमाश मुंह पर गमछा बांधे थे। सभी बनियान और कैप्री पहने थे। मुस्तकीम ने बताया कि कपड़े डालने के लिए बंधी नायलान की रस्सी से उसे बंध दिया और मुंह में रुमाल ठूंस दिया। चाभी देने से मना करने पर बदमाशों ने उसे थप्पड़ मारा। बदमाशों ने अलमारी में रखे शब्बीर के सवा दो लाख रुपये, उसकी पत्नी का सोने का हार, एक जोड़ी झुमकी, एक टीका, मंगलसूत्र, अंगूठी, कंगन, पायल समेत लगभग दो लाख रुपये के जेवर लूट लिए। बदमाशों के जाने के बाद मुस्तकीम ने फोन से परिजनों व पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। मुस्तकीम के भाई शब्बीर ने तहरीर दी है।