कोरोना महामारी के चलते देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान हैदराबाद में फंसे हरदोई निवासी युवक साथियों के साथ ट्रक से घर वापस आते वक्त रास्ते मेें हादसे का शिकार हो गया। मध्य प्रदेश के सतना जिले में चलते ट्रक से नीचे गिरने के बाद युवक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को साथी शव लेकर गांव पहुंचे।
शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि युवक की शादी तय थी। हरदोई के गांव टिकारी निवासी प्रहलाद का 22 वर्षीय शैलेंद्र आंध्र प्रदेश के हैदराबाद में पत्थर काटने का काम करता था। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए 25 मार्च से पूरे देश में लॉकडाउन लागू हो गया है, जिसके चलते अन्य लोगों के साथ ही शैलेंद्र भी हैदराबाद में फंस गया था।