कानपुर देहात। रूरा के तिगाई गांव के पास सोमवार सुबह 22 लोगों को लेकर जा रहा अनियंत्रित लोडर पलट गया। हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत एक अन्य महिला की मौके पर ही मौत हो गई। 11 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।
सभी झींझक व रूरा क्षेत्र के रहने वाले हैं और बिधनू के सीढ़ी इटारा गांव में साकार विश्वहरी सत्संग में शामिल होने जा रहे थे। घायलों को लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डीएम, एसपी व सीएमओ ने घायलों के उपचार के बाबत जानकारी ली।
झींझक व रूरा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से 22 लोग एक लोडर में सवार होकर सीढ़ी इटारा बिधनू में होने वाले साकार विश्वहरि के सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तिंगाई गांव के पास लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे रूरा के अमौली ठकुरान गांव की तारा देवी (40), झींझक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विनय कुमारी (36) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं लोडर सवार अनंतपुर धौकल मंगलपुर के महेश चंद्र, सुदामा, शिल्पी, रूबी, गढ़ी महेरिया की अनीता देवी व शिव देवी, धीरपुर मंगलपुर के रिचपाल, झींझक की गुड्डन, राजा, लौवा सिंह की मड़ैया की सुनीता, लक्ष्मणपुरवा सिठमरा के श्रीकृष्ण समेत 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य लोगों को मामूली चोटें आई और वह घर चले गए।
जिला अस्पताल में एक साथ 11 घायलों के पहुंचने से हड़कंप मच गया। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, एसपी केशव कुमार चौधरी, सीएमओ डॉ. एके सिंह चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने घायलों के उपचार के बाबत जानकारी ली। एसपी ने बताया कि दोनों महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच कराई जा रही है।