कानपुर। टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बड़ी हार झेल चुकी गुजरात लायंस टीम बृहस्पतिवार को कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के खिलाफ प्ले ऑफ में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत करने के इरादे से उतरेगी। आईपीएल-9 में पदार्पण करने वाली गुजरात टीम के नियमित कप्तान सुरेश रैना की इस मुकाबले में वापसी हो रही है। शानदार फॉर्म में चल रहे हरफनमौला आंद्रे रसेल के रूप में केकेआर को तगड़ा झटका लगा है। ग्रीनपार्क में पहली बार होने वाले आईपीएल मुकाबले में लायंस टीम रसेल की अनुपस्थिति का फायदा उठाना चाहेगी। दो बार की पूर्व चैंपियन केकेआर ने अब तक 12 मैच खेले हैं जिनमें से उसे सात में जीत मिली है जबकि पांच मुकाबलों में उसे शिकस्त झेलने पर मजबूर होना पड़ा है। केकेआर यदि इस मुकाबले को जीत लेती है तो वह प्लेऑफ के करीब पहुंच जाएगी जबकि लायंस के भी 12 मैचों से 14 अंक हैं। लायंस ने लीग की शुरुआत शानदार तरीके से की थी और टीम कुछ समय तक तालिका में शीर्ष पर भी रही थी लेकिन इसके बाद उसके प्रदर्शन में गिरावट आई है। पिछले मैच में गुजरात लायंस को आरसीबी के हाथों 144 रन से हार मिली थी जो आईपीएल में सबसे बड़ी हार है।
रैना की वापसी से बढ़ेगा टीम का मनोबल
अपनी बेटी की जन्म की वजह से गुजरात लायंस के नियमित कप्तान सुरेश रैना आरसीबी के खिलाफ नहीं खेले थे। 2008 के बाद पहली बार वह किसी आईपीएल मैच में नहीं खेले थे। उनकी वापसी से टीम का मनोबल बढ़ेगा। ड्वेन स्मिथ और ब्रैंडन मैककुलम की सलामी जोड़ी यदि सफल रहती है तो लायंस की आधी समस्या दूर हो जाएगी।
टीम
कोलकाता नाइटराइडर्स : गौतम गंभीर (कप्तान), रोबिन उथप्पा, मनीष पांडेय, यूसुफ पठान, सूर्य कुमार यादव, शाकिब अल हसन, पीयूष चावला, सुनील नारायण, अंकित राजपूत, मोर्ने मोर्कल, क्रिस लिन, कोलिन मुनरो, ब्रैड हॉग, शॉन टेट, जेसन होल्डर, उमेश यादव, शेल्डन जैक्सन, जयदेव उनादकट और राजगोपाल सतीश।
गुजरात लायंस : रैना (कप्तान), ड्वेन स्मिथ, मैककुलम, एरोन फिंच, दिनेश कार्तिक, जडेजा, डेल स्टेन, जेम्स फॉकनर, इशान किशन, प्रवीण, धवल कुलकर्णी, शिविल कौशिक, ड्वेन ब्रावो, सरबजीत लड्डा, अमित मिश्रा, अक्षदीप नाथ, पारस डोगरा, एकलव्य द्विवेद्वी, शादाब जकाती, प्रदीप सांगवान, जयदेव शाह, उमंग शर्मा, प्रवीण तांबे और एंड्रयू टाइ।