डेरापुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, तहसील इकाई डेरापुर के लेखपालों ने तहसीलदार पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर अनुचित कार्रवाई की धमकी देने का आरोप लगाया। साथ ही मामले में कार्रवाई के लिए एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें कार्रवाई न होने पर सात जुलाई से अतिरिक्त प्रभार क्षेत्र का काम न करने और कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
लेखपाल संघ डेरापुर इकाई के अध्यक्ष शिवम शुक्ला ने बताया कि तहसीलदार लेखपालों के साथ अभद्र व्यवहार करते है। वह अपने व्यवहार में सुधार नहीं करते और उनके स्पष्टीकरण से संघ संतुष्ट नहीं होता, तब तक कोई भी लेखपाल सीधे तहसीलदार को अभिलेख या आख्या प्रस्तुत नहीं करेगा। सभी अभिलेख एवं रिपोर्ट केवल राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) के माध्यम से ही भेजी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में दिए गए मांग पत्रों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है और लेखपालों पर अतिरिक्त व गैर-राजस्व कार्यों का अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। इसलिए संघ ने निर्णय लिया है कि मंगलवार से सभी लेखपाल अतिरिक्त व गैर-राजस्व कार्यों का बहिष्कार करेंगे और केवल आवश्यक राजस्व कार्य ही करेंगे।
लेखपालों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो सात जुलाई से सभी लेखपाल अतिरिक्त प्रभार वाले क्षेत्रों के अभिलेख राजस्व निरीक्षक कार्यालय को सौंप देंगे। वहीं, तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उनपर लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। लेखपाल कार्य के प्रति लापरवाही बरत रहे। आरोप लगाकर दबाव बना रहे हैं। एसडीएम शालिनी उत्तम ने बताया कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। यहां मनोज कुमार, अनुज कुमार, अंकित वर्मा, प्रिविन्दर कुमार,प्रिंस कुमार, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।