कानपुर। कानपुर-कबरई ग्रीन फील्ड हाईवे के लिए घाटमपुर के 31 गांवों की जमीनों का एनएचएआई व तहसील के अधिकारियों ने सर्वे कर लिया है। वहीं, 25 फरवरी को ग्रीन फील्ड हाईवे के लिए एनएचएआई की ओर से टेंडर जारी किए जाएंगे।
रमईपुर से कबरई तक अभी दो लेन का हाईवे है। भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण हादसे होते हैं और घंटों तक जाम लगा रहता है। समस्या को खत्म करने के लिए एनएचएआई की ओर से 118 किलोमीटर का ग्रीन फील्ड हाईवे बनाया जाना है। हाईवे हमीरपुर व महोबा होकर भी गुजरेगा। राजस्व टीम ने एनएचएआई के साथ मिलकर गाटों का सर्वे पूरा कर लिया है। अब एनएचएआई कितनी जमीन लेगा, इसको लेकर मंथन चल रहा है। तहसीलदार अंकिता पाठक ने बताया कि एनएचएआई की रिपोर्ट मिलने के बाद मुआवजा तय किया जाएगा।
इन गांवों से गुजरेगा हाईवे : बलरामपुर, ककरहिया, छाया, संचितपुर, पतारा, सिरोमनपुर, मढ़ा, सूखापुर, जलाला, भदरस, कटरा, इस्लामपुर जदीद, अलादादापुर, जाजपुर, मवईभच्छन, जैतीपुर, इटौरा, रैपुरा, सरगांव, अकबरपुर वीरबल, घुरऊपुर, गौरा छजमल, मऊ नरवत, बीबीपुर, दहिलर अव्वल, टिकवापुर, रामपुर, मोहटा, हमीरामऊ, बलहापारा खुर्द, चकआदम।