महिलाओं ने कोतवाली में किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद जिले में श्रमिक का शव शनिवार सुबह मकान के ऊपरी हिस्से में छज्जे की सरिया में रस्सी के फंदे पर लटका मिला। भाई ने शराब अधिक पीने से आत्महत्या करने की तहरीर दी है। सूचना पर सलहज की अगुवाई में पहुंचीं महिलाओं ने कोतवाली में हंगामा कर दिया।
श्रमिक के दो भाइयों पर बंटवारे को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई करने का भरोसा देकर उनको शांत कर दिया। फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला ग्रानगंज नवदिया निवासी श्रमिक अवधेश कुमार जाटव शनिवार सुबह पत्नी शशि से नहाने की बात कहकर छत पर चला आया।
कुछ देर बाद ऊपर पहुंची शशि ने पति को फंदे पर लटका देखा। चीखपुकार पर उसका पुत्र मोनू, पुत्री मोनिका, दो वर्षीय पुत्र प्रिंस भी ऊपर पहुंच गए। सूचना पर भाई अजय भी दुकान से घर पहुंच गया। उसने पुलिस को सूचना दी कि भाई अवधेश शराब पीने का आदी था।
उसने शराब के नशे में फांसी लगा ली। पुलिस ने पहुंचकर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। अवधेश की मौत की जानकारी पर जनपद मैनपुरी थाना बेवर के गांव सकतेवर की मड़ैया निवासी सलहज देवश्री महिलाओं के साथ कोतवाली पहुंची।
इन लोगों ने अवधेश के भाई अजय व मनोज पर बंटवारे को लेकर शुक्रवार को मारपीट कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। इस पर पुलिस ने देवश्री व अन्य महिलाओं को समझाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन पर महिलाएं पोस्टमार्टम हाउस से चली गईं।