पहले पन्ने के लिए
---------------
फोटो-29 - कोतवाली में पकड़े गए आरोपी। संवाद
कोतवाली से किशोरी को ले गया
प्रेमी, दो महिला कांस्टेबल निलंबित
- दोनों कांस्टेबलों समेत 11 लोगों पर कोतवाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट, तीन गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा से किशोरी को उसका प्रेमी लेकर लापता हो गया। मामले में पुलिस ने दो महिला कांस्टेबल समेत 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दोनों महिला कांस्टेबल को निलंबित भी किया गया है। घटना से कोतवाली में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के राधानगर मोहल्ले की रहने वाली एक किशोरी को नौ जून की सुबह सैदाबाग का रहने वाला दीपक लोधी अपने पिता ओमप्रकाश, मां माया देवी और मित्र अनूप की मदद से बहला-फुसलाकर ले गया था। मामले में पुलिस ने 13 जून को दीपक व उसके घरवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की थी। 25 जून को किशोरी पुलिस के हाथ लगी। मेडिकल परीक्षण और बयान के लिए रविवार को किशोरी को कोतवाली स्थित महिला हेल्प डेस्क लाया गया।
डेस्क पर तैनात महिला कांस्टेबल सोनम और लक्ष्मी की निगरानी में किशोरी को रखा गया। आरोप है कि देर शाम दीपक पिता ओम प्रकाश, मां माया देवी, बहन सपना, मित्र मयंक, दिनेश कुमार निवासी मसवानी, अशोक कुमार, शत्रुघ्न निवासी मऊ की मदद से किशोरी को पुलिस अभिरक्षा से ले गया। कोतवाल अमित मिश्रा ने लापरवाही बरतने पर दोनों महिला कांस्टेबल समेत 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने आरोपी के पिता ओमप्रकाश, मौसा अशोक और मित्र मयंक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। सीओ सिटी डीसी मिश्रा ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास और किशोरी की खोजबीन की जा रही है। दोनों महिला कांस्टेबल निलंबित की गई हैं। पुलिस ने किशोरी को भी आरोपी बनाया है।