पतारा (घाटमपुर)। किसानों की सहभागिता से ही अन्ना मवेशियों से छुटकारा मिलेगा। किसान सरकारी योजनाओं का लाभ लें। यह बार सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने किसान मेले के दौरान कही।
किसान कल्याण मिशन अभियान के तहत बुधवार को स्थानीय विकास खंड कार्यालय परिसर में किसान मेला, प्रदर्शनी एवं कृषक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ करते हुए क्षेत्रीय सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि सरकार किसानों को अन्ना मवेशियों की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए कृत संकल्पित है। विभिन्न योजनाओं के संचालन के साथ गांव-गांव गोशालाओं का संचालन एवं निर्माण हो रहा है।
कृषि मेला, प्रदर्शनी एवं संवाद कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर किसानों को जानकारी दी गई। वहीं कृषक संवाद में कृषि वैज्ञानिकों के साथ मछली पालन, पशुपालन विभाग समेत अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने वैज्ञानिक खेती व केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया गया।
विधायक उपेंद्र पासवान ने बताया कि किसानों की फसलों को अन्ना मवेशियों से बचाने के लिए सभी न्याय पंचायतों में गोशालाओं का निर्माण कराया जा रहा। कुछ का निर्माण पूरा होने पर संचालन भी शुरू हो गया है।
क्षेत्रीय सांसद व विधायक ने किसानों को 10 ट्राईकोडर्मा, छह रोटावेटर व छह बखारी व दो केसीसी आदि वितरित किए।
संचालन जिला कृषि अधिकारी आशीष सिंह ने किया। कार्यक्रम में एसडीएम अरुण कुमार, बीडीओ ज्ञानेंद्र मिश्रा, एडीओ पंचायत आदित्य शुक्ला समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।