कानपुर। यूपी टी-20 लीग के लिए काशी रुद्रास की टीम ने सोमवार को जेके लोको मैदान में जमकर अभ्यास किया। करीब तीन घंटे तक गेंदबाजी, बल्लेबाजी, क्षेत्ररक्षण और कैच प्रैक्टिस में धार दी। मुख्य कोच ध्रुव सिंह और कप्तान करन शर्मा की निगरानी में खिलाड़ियों ने मैदान में पसीना बहाया।
काशी रुद्रास की टीम लीग में दो बार की विजेता और एक बार की उपविजेता रह चुकी है। चाैथे संस्करण में जीत के इरादे से कानपुर में शिविर आयोजित किया जा रहा है। खिलाड़ियों ने मैच परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति पर काम किया। बल्लेबाजों ने लंबे शॉट्स और स्ट्राइक रोटेशन का अभ्यास किया, जबकि गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ और विविधताओं पर फोकस रखा। वहीं क्षेत्ररक्षकों ने कैच और फुर्ती बढ़ाने के लिए विशेष ड्रिल्स में हिस्सा लिया। कप्तान करन शर्मा, उपेंद्र यादव, अटल बिहारी राय, अभिषेक गोस्वामी, शुभम चौबे, कार्तिक यादव, सुनील कुमार, सक्षम राय, उवैस अहमद, ऋषभ राजपूत, दीपांशु यादव, अरनव बलियान, वैभव चौधरी, विजय यादव, मो. शरिम, युवराज, विराट जायसवाल और मानव सिंधू सहित अन्य खिलाड़ियों ने जमकर अभ्यास किया।यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र का आगाज 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा। उद्घाटन मुकाबले में गत चैंपियन काशी रुद्रास का सामना मेरठ मैवेरिक्स से होगा।