कानपुर के नवाबगंज में जनरल मर्चेंट व्यापारी के बेटे आशीष गुप्ता (30) ने बुधवार रात गोली मारकर खुदकुशी कर ली। देर रात गोली की आवाज सुन पिता को लगा कि पटाखा दगा है। लिहाजा वो सो गए। सुबह जब परिजन उठे और बाहर गए तो देखा कि तखत पर खून से सना आशीष का शव पड़ा हुआ था।
तब पुलिस को सूचना दी गई। डिप्रेशन में खुदकुशी करने की आशंका है। नवाबगंज निवासी महेश गुप्ता की जनरल मर्चेंट की दुकान है। उनका बेटा आशीष लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में अपनी बहन व जीजा के साथ रहकर उनके कपड़ों के कारोबार में मदद करता था।
वहीं वह रुकता भी था। रक्षाबंधन के दिन कानपुर अपने घर आया था। तब से वह यहीं रह रहा था। महेश ने बताया कि बुधवार देर रात तक आशीष घर नहीं लौटा तो परिवार सो गया था। कब वह आया पता नहीं चला।
जब सुबह परिवार वाले उठे तो घर के बाहर देखा कि तखत पर खून से लथपथ आशीष का शव पड़ा हुआ है। तब उनको याद आया कि देर रात कुछ दगने की आवाज सुनाई दी थी उनको लगा था कि पटाखा दगा था।