कल्याणपुर थाना क्षेत्र के तिरंगा चौराहे के पास खुर्द इलाके में चाचा के घर पर रही 20 वर्षीय युवती ने बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। चाची ने कमरे में उसका शव फंदे से लटकता देखा तो चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
कन्नौज के तालग्राम निवासी आदेश की बेटी संध्या छह माह से चाचा रमन के घर रहकर सिलाई का काम करती थी। बृहस्पतिवार को चाची आरती ने उसे कमरे में फंदे से लटकता देखा तो पिता और पुलिस को सूचना दी। बेटी की मौत की खबर मिलते ही मां गीता बदहवास हो गई। परिवार में संध्या के दो भाई सौरभ और गौरव और तीन बहनें हैं। पिता मजदूरी करते हैं। चाचा ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात तक संध्या किसी तनाव में नहीं दिख रही थी। उसके इस कदम से वह भी हैरान हैं। थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि परिजन आत्महत्या की वजह नहीं बता सके हैं। मामले की जांच की जा रही है।