Kanpur News: बिधनू में घर के पास स्थित पेड़ पर दुपट्टे के सहारे युवती का शव लटका मिलने से हड़कंप मच गया। 11 जुलाई को बरात आनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं।
होने वाले पति के लिए हल्की अंगूठी लाने से नाराज युवती ने मां से झगड़ने के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव शनिवार सुबह पास में एक पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। युवती की बरात 11 जुलाई को आनी थी। बिधनू के हाजीपुर लुधौरा गांव निवासी किसान विष्णु राजपूत की बेटी ममता (22) की शादी कन्नौज के तिर्वा निवासी युवक से तय हुई थी।
विज्ञापन
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को ममता की मां रामकुमारी अपने दामाद के लिए अंगूठी खरीदकर लाई थी। शाम को खाना खाते समय मां ने बेटी को अंगूठी दिखाई। अंगूठी का वजन कम होने और डिजाइन को लेकर ममता की मां से बहस हो गई। इस पर मां ने उसे डांट दिया। इसके बाद ममता बिना बताए घर से निकल गई। परिजनों ने सोचा कि वह पड़ोस में रहने वाले चाचा रामबहादुर के घर गई होगी।
देर रात न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो सुबह शव घर के पीछे पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। बिधनू थाना प्रभारी प्रेमचंद्र कनौजिया ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में शादी में देने वाले सामान को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।