हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के योगेंद्र विहार में गुरुवार को नाराज पत्नी को घर बुलाने के लिए युवक ने वीडियो कॉल कर पहले खुद के सीने और पेट में कैंची मार ली। इसके बाद चाकू से अपनी गर्दन रेत ली। मां जब उसके हाथ से कैंची व चाकू छिनने का प्रयास किया तो वह भी घायल हो गई। परिजनों ने उसे गंभीर हालात में हैलट ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने बेटे की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
योगेंद्र विहार, अर्रा रोड निवासी रामबाबू के परिवार में पत्नी छंगी के अलावा चार बेटे राजू, गोविंद, बाबू और दिनेश उर्फ अजय बजरंगी (26) थे। अजय पेशे से सिलाई कारीगर था। बड़े भाई ने बताया कि 22 जून 2023 को अजय की शादी फतेहपुर के धारूपुर निवासी राधा से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही राधा अजय पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाती थी। विरोध पर कलह करती थी। आए दिन कलह से तंग आकर आठ माह पहले पत्नी के साथ बारादेवी में किराए के मकान में रहने लगा था। पिछले सप्ताह मोबाइल पर ज्यादा बात करने को लेकर अजय का उसकी पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद वह मासूम बच्चे को लेकर अपने मायके चली गई थी।