कानपुर में हनुमंत विहार थानाक्षेत्र में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर पंखे से मां की साड़ी से फंदा बनाकर जान दे दी। दोस्त ने वीडियो देख परिजनों को सूचना दी। हालांकि परिजनों ने जब तक उसे फंदे से नीचे उतारा, उसकी मौत हो चुकी थी। खाड़ेपुर योगेंद्र विहार निवासी टीकाराम का बेटा अभिषेक गौतम (18) कैटरिंग का काम करता था। अभिषेक के परिवार में मां कुसमा, बड़ा भाई लखन और तीन बहनें निशा, अनीशा व मनीषा हैं।
परिजनों ने बताया कि देर रात उसके दोस्त शुभम ने रात करीब 1.30 बजे इंस्टाग्राम पर अभिषेक को फंदे से लटकता देख जानकारी दी थी। जीजा कुलदीप ने बताया कि अभिषेक ने सभी के साथ रोज की तरह खाना खाया। इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन भी आत्महत्या का कारण नहीं बता सके। मोबाइल कब्जे में लिया गया है।
पिता को फोन किया, न उठने पर दोस्त दौड़कर पहुंचा था घर
दोस्त शुभम ने पुलिस को बताया कि अभिषेक के लाइव होने उसने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया तो अभिषेक गले में फंदा डालता दिखा। उसने तुरंत अभिषेक के पिता के कॉल किया लेकिन फोन नहीं उठा। वह दौड़कर उसके घर पहुंचा और परिजनों की मदद से कमरे में दाखिल हुआ लेकिन तब तक दोस्त की सांसें थम चुकी थीं।