नौ महीने में 29905 सूक्ष्म इकाइयों ने कराया पंजीकरण
उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एक अप्रैल से 27 दिसंबर 2023 तक शहर में कुल 30307 उद्यम पंजीकरण हुए हैं। इनमें 29,905 सूक्ष्म इकाइयों का पंजीकरण हुआ। इनके जरिये 5,22,97,00,150 रुपये का निवेश आया। नेट टर्नओवर 48,47,97,75,947 रुपये रहा। इस दौरान मध्यम इकाइयों के 371 पंजीकरण हुए। 1569740159 करोड़ का निवेश आया।
एमएसएमई पॉलिसी 2022 के तहत शहर में पहली इकाई भी शुरू हुई
मध्यम श्रेणी की 31 इकाइयों का पंजीकरण हुआ। उन्होंने बताया कि अब शहर में 75050 उद्यम पंजीकरण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि चमड़ा और चमड़ा के उत्पादों की 1817, एग्रोफूड की 1610, प्लास्टिक उत्पादों 1110, रेडीमेड गारमेंट की 1065, होजरी की 270 इकाइयों का पंजीकरण हुआ। उन्होंने बताया कि एक जिला एक उत्पाद में सब्सिडी देने में पूरे प्रदेश में कानपुर अव्वल आया। एमएसएमई पॉलिसी 2022 के तहत शहर में पहली इकाई भी शुरू कराई गई।
शहर का शेयर मार्केट बाजार सर्वोच्च स्तर पर पहुंचा
इस साल शहर का शेयर और म्यूचुअल फंड कारोबार नए शिखर पर रहा। कैश सेगमेंट टर्नओवर में हिस्सेदारी बढ़कर एक प्रतिशत हो गई। म्युचुअल फंड कारोबार सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंचा। कुल निवेश पहली बार 25000 करोड़ के पार चला गया। म्युचुअल फंड निवेश में शहर देश में 14वें और प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा। शहर में रजिस्टर्ड म्यूचुअल फंड वितरकों की संख्या 1981 है। म्युचुअल फंड फोलियो की संख्या करीब 8.25 लाख है। हर महीने तकरीबन 20 हजार म्यूचुअल फंड में निवेश के आवेदन आ रहे हैं।
सोना-चांदी के दाम भी बढ़े रहे
पिछले साल 31 दिसंबर को सोने का भाव प्रति दस ग्राम 54400 रुपये था। 27 दिसंबर 2023 को सोने का भाव प्रति दस ग्राम 64850 रुपये हो गया। दो दिसंबर 2023 को सोने के भाव सर्वाधिक स्तर पर 65050 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए थे। पांच मई 2023 को चांदी का भाव प्रति किलो 79 हजार रुपये हो गया था। पिछले साल 31 दिसंबर को चांदी का भाव प्रति किलो 66600 रुपये था। 27 दिसंबर 2023 को चांदी का भाव प्रति किलो 76475 रहा।
15 हजार करोड़ के निवेश से बदलेगी शहर के उद्योगों की सूरत
शहर में 14872 करोड़ के निवेश से उद्योगों की सूरत बदलेगी। फरवरी में प्रस्तावित ग्राउंड बेकिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। हालांकि अभी कोई तिथि शासन ने घोषित नहीं की है लेकिन सभी तैयारी पूरी रखने के निर्देश हैं। सेरेमनी के लिए 197 निवेश प्रस्ताव धरातल पर आने के लिए तैयार हो चुके हैं। इनकी सूची भी फाइनल हो गई है। यूपी ग्लोबल इंवेसटर्स समिट में शहर के उद्यमियों ने 623 निवेश प्रस्ताव के जरिए 82 हजार करोड़ से ज्यादा के अलग-अलग विभागों के एमओयू किए थे।
कई हजार करोड़ के प्रस्ताव धरातल पर लाने की तैयारी
इसमें 583195 रोजगार सृजन का खाका रखा गया है। अब ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए 197 प्रस्ताव की सूची फाइनल कर ली गई है। इसमें 9 खाद्य और नमकीन की इकाई हैं। एक ई-रिक्शा, दो आटोमोबाइल, दो पॉलीमर और पाॅलीट्यूब की इकाई हैं। 9 से ज्यादा पैकेजिंग उत्पादों की इकाइयां हैं। मिनरल की एक इकाई है। इसके अलावा ट्रेडिंग, होजरी, टेक्सटाइल की इकाइयां हैं। ग्रुप हाउसिंग और मेडिकल उद्योग में कई हजार करोड़ के प्रस्ताव धरातल पर लाने की तैयारी है। फूड, फूड प्रोसेसिंग, ई-रिक्शा, पॉली टयूब, पॉलीमर, पैकेजिंग, खाद्य और लॉजिस्टिक पार्क वाली इकाई शामिल हैं। सबसे बड़ा रमईपुर मेगा लेदर क्लस्टर का प्रोजेक्ट है।
छापा मारकर 92 करोड़ टैक्स जमा कराया, प्रदेश में कानपुर जोन दो को सातवां स्थान
शहर में इस साल जीएसटी और आयकर विभाग ने बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों और कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर जीएसटी कलेक्शन में वृद्धि की है। इस साल एसजीएसटी के स्पेशल इन्वेस्टीगेशन ब्रांच (एसआईबी) ने 30 नवंबर तक 152 जांच की और 92 करोड़ की कर चोरी पकड़ी गई और रकम जमा कराई गई। पिछले साल 122 जांच की गई थी। 28 करोड़ टैक्स जमा कराया गया था। टैक्स जमा के प्रतिशत मामले में कानपुर जोन दो पूरे प्रदेश में सातवें और कानपुर जोन एक 13वें स्थान पर है।
एसआईबी ने नवंबर 2023 तक 152 जगहों पर की कार्रवाई
पूरे प्रदेश में एसजीएसटी के 20 जोन हैं। कानपुर जोन एक और जोन दो में बंटा है। जोन दो में इस वित्तीय वर्ष के नवंबर तक 91 जांच कराई गईं। 49 करोड़ 55 लाख टैक्स जमा कराया गया। जोन एक में इस अवधि में 61 जांच करके 43 करोड़ पांच लाख टैक्स जमा कराया गया। एसजीएसटी के अपर आयुक्त ग्रेड एक गुना सिंह बौनाल ने बताया कि पिछले साल की तुलना में जांच ज्यादा कराई गई और 92 करोड़ से ज्यादा टैक्स जमा कराया गया। कानपुर जोन दो में जमा का प्रतिशत 138.82 प्रतिशत रहा। कानपुर जोन एक में जमा प्रतिशत 120.62 प्रतिशत रहा।