पांच साल पहले पति से रिश्ता टूटने के बाद पूनम अपने ही परिवार के करीबी रिश्ते में सहारा तलाशने लगी। उसका अपने ममेरे भाई आनंद से प्रेम संबंध हो गया। परिवार के विरोध के बावजूद दोनों साथ रहने लगे। 17 सितंबर से गुजैनी के मर्दनपुर इलाके में किराये का कमरा लेकर रह रहे थे। दीवाली की रात उसी कमरे में पूनम उर्फ सुषमा गौतम (26) का शव दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। पिता ने ममेरे भाई पर बेटी की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से आनंद फरार है।
सचेंडी के रामपुर भीमसेन निवासी रंगीलाल ने बताया कि परिवार में पत्नी रामजानकी, तीन बेटे विजय, रवि, विकास और इकलौती बेटी पूनम थी। करीब पांच साल पहले पूनम की शादी कानपुर देहात के बाघपुर ककरदही निवासी राजन से हुई थी। हालांकि, शादी के महीनेभर के भीतर ही पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया और दोनों अलग रहने लगे। बाद में उनका तलाक हो गया। इसके बाद पूनम मायके में परिवार के साथ रहने लगी। पिता के मुताबिक, इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर रहने वाले ममेरे भाई आनंद से पूनम की नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। आनंद की भी अपनी पत्नी से नहीं बनती थी। आरोप है कि वह पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिसके चलते वह उसे छोड़कर चली गई थी।
आनंद की पत्नी ने उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था। रंगीलाल का आरोप है कि आनंद 17 सितंबर को पूनम को अपने साथ लेकर गुजैनी के मर्दनपुर स्थित किराये के कमरे में रहने लगा। परिवार के लोगों ने दोनों को समझाने और घर लौटने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन वे सहमति संबंध में साथ रहने लगे। परिजन भले ही इस रिश्ते से सहमत नहीं थे, लेकिन दोनों ने साथ रहना जारी रखा। रविवार रात रंगीलाल और परिवार के अन्य सदस्य घर में दीवाली पूजन की तैयारी कर रहे थे, तभी पूनम की मौत की सूचना मिली।
परिजन आनन-फानन मर्दनपुर पहुंचे तो कमरे में पूनम का शव दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटक रहा था। पिता ने आनंद पर गला दबाकर हत्या करने के बाद शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि परिजन के पहुंचने से पहले आनंद मौके से भाग निकला था। सूचना पर गुजैनी पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजन की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।