गेस्ट हाउस में जांच करने पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सरसौल में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से महिला की मौत हो गई। जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। नर्वल के नौगवां स्थित गेस्ट हाउस में बुधवार देर शाम अहिरवां चकेरी निवासी दिनेश दीक्षित के बेटे अंकित की बारात आई थी। विवाह नर्वल हरचंदखेड़ा निवासी सुनील पांडे की बेटी से तय हुआ था।
रात लगभग बारह बजे जयमाल के दौरान फायरिंग हो रही थी। अचानक अंकित के चचेरे भाई पंकज की पत्नी रश्मि (35) को एक गोली जा लगी। रश्मि चक्कर खाकर गिर पड़ी। आनन-फानन में परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर महिला को शहर ले भागे। जहां रश्मि की मौत हो गई।
वहां से भी परिजन शव लेकर फतेहपुर चले गए। मृतका जिला जज फतेहपुर के स्टेनो की पत्नी बताई जा रही है। अभी ये जानकारी नहीं हो पाई है कि फायरिंग किसने की और गोली कैसे लगी। प्रभारी निरीक्षक नर्वल चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि हर्ष फायरिंग में वर पक्ष से एक महिला की मौत की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है।