फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur Weather: शीतलहर जारी…लगातार तीसरे दिन प्रदेश में सबसे ठंडा कानपुर, पारा तीन डिग्री तक लुढ़कने के आसार

Sun, 07 Dec 2025 10:49 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Weather News: कानपुर लगातार तीसरे दिन प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री दर्ज किया गया। सीएसए मौसम विभाग ने पोलर वोर्टेक्स के प्रभाव के कारण 15 दिसंबर तक पारा तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई है।
विज्ञापन
जरीब चौकी चौराहे पर ठंड की धूप में बाइक से निकलते लोग - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर-पश्चिमी विक्षोभ और हिमालय में हो रही बर्फबारी से कानपुर नगर लगातार तीसरे दिन प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। सीएसए मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। हालांकि यह पांच तारीख की तुलना में 0.8 डिग्री सेल्सियस चढ़ा, पर शीतलहर और गलन की शुरुआत ने लोगों को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। पर, नगर निगम ने अलाव जलवाना शुरू नहीं किया।

विज्ञापन

15 तारीख तक पारा तीन डिग्री तक लुढ़कने और हाड़ कंपाने वाली ठंड शुरू होने और इस बार कड़ाके की ठंड पड़ने के संकेत दिए हैं। मार्निंग वाकरों को भोर पहर से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। सीएसए मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 24 घंटे पहले की तुलना में 0.8 डिग्री अधिक था। फिर भी ठंड के साथ ही गलन भी महसूस होने लगी।

kanpur weather update - फोटो : amar ujala
बर्फबारी से शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा
अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह अधिकतम नमी 80 फीसदी और न्यूनतम 37 नमी डिग्री सेल्सियस रही। सीएसए मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि सात दिसंबर को बदली होगी, जो आठ दिसंबर और उसके बाद हल्की होती जाएगी। उत्तर पश्चिमी हवाओं और हिमालय में हो रही बर्फबारी से शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा।

kanpur weather update - फोटो : amar ujala
क्षेत्रों में तापमान में भारी गिरावट आती है
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पोलर वोर्टेक्स के कमजोर होने से कई महत्वपूर्ण मौसमी परिवर्तन होते हैं, जिनमें मुख्य रूप से भयंकर ठंड की लहरें और अत्यधिक मौसम की घटनाएं शामिल हैं। जेट स्ट्रीम में इस बदलाव के कारण, आर्कटिक क्षेत्र की बेहद ठंडी हवा एशिया जैसे मध्य अक्षांशीय क्षेत्रों में गहराई तक प्रवेश कर जाती है। इस ठंडी हवा के दक्षिण की ओर बहने से इन क्षेत्रों में तापमान में भारी गिरावट आती है, जिससे अत्यधिक ठंड, भयंकर बर्फीले तूफान और पाला पड़ने जैसी चरम मौसमी घटनाएं होती हैं।

kanpur weather update - फोटो : amar ujala
अगले दिनों में कड़ाके की ठंड पढ़ने की पूरी संभावना
डॉ. पांडेय के अनुसार आज रात के तापमान में वृद्धि हो सकती है क्योंकि शाम से ऊंचे बादलों की आवाजाही शुरू हुई, जो रात में भी जारी रही। एक पश्चिमी विक्षोभ भी पहाड़ों पर आया, जिसके कारण ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद उत्तर पश्चिमी सर्द हवाएं इन बर्फबारी से होकर गंगा के मैदानी भागों में आना शुरू हुई हैं। तापमानों में उतार चढ़ाव के बावजूद अगले दिनों में कड़ाके की ठंड पढ़ने की पूरी संभावना मौसमी मॉडल दिखा रहे हैं।

kanpur weather update - फोटो : amar ujala
बीमारी के बच्चे ओपीडी में आने शुरू
तापमान में गिरावट का असर बच्चों और नवजातो पर पड़ता है। इसलिए इस मौसम में नवजातों को मां सीने से चिपकाएं और बड़े बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें। यह जानकारी हैलट के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. यशवंत राव ने दी। उन्होंने बताया कि ऐसे मौसम में ब्रोंकोलाइटिस की समस्या वाले बच्चों में फेफड़ों में संक्रमण हो जाता है। इस तरह की बीमारी के बच्चे ओपीडी में आने शुरू हो गए हैं। 100 की ओपीडी में इनकी संख्या आठ से दस है। सर्दी बढ़ने पर यह संख्या और बढ़ती जाती है। इसलिए नवजातों की कंगारू मदर केयर की तरह देखभाल करें। उन्होंने बताया कि बच्चों को गरम कपड़े पहनाएं। उन्हें कमरे में बंद रखें, लेकिन कमरे में हीटर न जलाएं। गर्म खाना खाएं। मोजे और दास्ताने पहनाने के साथ कान ढकना बेहद जरूरी है।
विज्ञापन

kanpur weather update - फोटो : ani
सभी रखें सावधानी
  • सुबह व्यायाम न करें।
  • पूरे शरीर को ढककर रखें।
  • ठंडा पानी न पीएं।
  • जब धूप निकले तभी व्यायाम करें।
  • घर से बाहर निकलने पर सांस रोगी मास्क लगाएं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें