कानपुर में पांडु नदी के बढ़ते जलस्तर से लोगों की घबराहट बढ़ रही है। मेहरबान सिंह का पुरवा, बिहारी पुरवा, मायापुरम, वरुण बिहार कच्ची बस्ती, जरौली गांव, रायपुरवा समेत कई इलाके पानी से घिर गए हैं। लोग इसी पानी से होकर आवागमन कर रहे हैं। वहीं, नदी के किनारे बसे लोग घर खाली कर दूसरे स्थानों पर चले गए हैं। कुछ लोगों ने गेट के बाहर एक से डेढ़ फीट ईंट की दीवार खड़ी कर ली है। लोगों ने बताया कि दिन में पानी कम होता है तो रात में बढ़ता है। लोग पहली मंजिल में रहने को मजबूर हैं।
रतन आर्बिट से मैनावती मार्ग नाला और एनआरआई सिटी नाला जलकुंभी से पटा है। सीएम पोर्टल, सांसद देवेंद्र सिह भोले, विधायक नीलिमा कटियार से शिकायत की, लेकिन नाला साफ नहीं हुआ। मजबूरन बच्चों को कल्याणपुर बिठूर रोड स्थित भाई के घर भेजना पड़ा। - विवेक सिंह, आयकर अधिकारी, आम्रपाली विहार
घर के बाहर निकलने के लिए हाफ पैंट में जाना पड़ रहा है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण चारों तरफ बस पानी ही पानी है। मच्छर और जहरीले कीट पनप रहे हैं।
- रवि, आम्रपाली विहार
नगर निगम और सिंचाई विभाग को नहीं पता, पानी कहां से आया
मकड़ीखेड़ा और उसके आसपास के क्षेत्र में हुए जलभराव पर नगर निगम और सिंचाई विभाग एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। नगर निगम का कहना है कि सिंचाई विभाग की एक नहर के मंधना के पास कटने की वजह से सिंहपुर होते हुए पानी मकड़ीखेड़ा और उसके आसपास के निचले इलाकों में आ गया है। वहीं, सिंचाई विभाग का दावा है कि उसकी किसी भी नहर में इतना पानी ही नहीं है कि जलभराव की समस्या हो। नहर कटान की बात को भी नकार दिया है। लोग डीएम कार्यालय से लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक गुहार लगा रहे हैं। स्थानीय निवासी विवेक कुमार, पुनीत और अजय शुक्ला का कहना है कि जब विभाग अपनी जिम्मेदारी ही नहीं मान रहे तो समस्या का स्थायी समाधान कैसे मिल सकता है। उन्होंने बताया कि जलभराव की वजह से मगरमच्छ और जंगली जानवर घूम रहे हैं और वन विभाग के अधिकारी कहते हैं कि जब दिखेगा तब पकड़ेंगे।
मंधना के पास नहर कटने की वजह से जलभराव की समस्या पैदा हुई है। चूंकि ये इलाके लो लैंड एरिया में आते हैं, ऐसे में पानी जमा हो गया है, जिसके निकालने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।- आरके पाल, अधिशासी अभियंता, जोन 6 नगर निगम
विभाग की किसी भी नहर में कटान नहीं है। साथ ही कहीं पर भी पानी के आवेरफ्लो होने की बात सामने नहीं आई है। जलभराव किसी और कारण से हुआ हो तो कहा नहीं जा सकता।- यूनुस खान, एक्सईएन सिंचाई विभाग