कानपुर में नई सड़क पर हुए बवाल के मामले में आरोपी मौलाना मोहम्मद अली जौहर फैन्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हयात जफर हाशमी, जावेद अहमद खान, मो. सूफियान व मो. राहिल को पुलिस दोबारा रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। महानगर मजिस्ट्रेट पंचम अदिति जैन ने चारों आरोपियों का दो दिन का रिमांड मंजूर कर लिया है।
अभियोजन अधिकारी कमलेश वर्मा ने कोर्ट में तर्क रखा कि हयात के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेनदेन के सबूत मिले हैं। पहली बार मिले रिमांड के दौरान बैंक बंद थे, जिसकी वजह से पूछताछ अधूरी रह गई थी। कोर्ट में केस डायरी पेश करते हुए कहा गया कि पूछताछ के दौरान हयात ने कई खुलासे किए हैं। अलगाववादी संगठनों से उसके संबंधों का पता चला है, यह भी पता चला है कि कई संगठन उसे फंडिंग भी करते थे। इन रुपयों का इस्तेमाल हयात व उसके साथियों ने शहर में उपद्रव फैलाने के लिए किया है।