कानपुर में एक व्यक्ति ने खुद को भीम सेना का प्रमुख बताकर भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। साथ ही प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के खिलाफ भी बयान दिया है। इस मामले में बाबूपुरवा निवासी अधिवक्ता हर्ष कुमार ने गुड़गांव निवासी सतपाल तंवर के खिलाफ अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन 12 की अदालत में एक परिवाद दर्ज कराया है। मामले में 24 जून को परिवादी के बयान दर्ज किए जाएंगे।
हर्ष के अधिवक्ता विजय बख्शी ने बताया कि आठ जून 2022 को हर्ष ने यूट्यूब पर सतपाल तंवर का एक वीडियो देखा, जिसमें उसने नुपुर शर्मा की जीभ काटकर लाने वाले को एक करोड़ रुपए देने की बात कही थी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणी की थी।
सतपाल ने समाज के वर्गों को आपस में उत्तेजित कर लड़ाने की कोशिश की और एक महिला के साथ ही प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का भी अपमान किया है। सतपाल का अपराध राष्ट्र विरोधी है। उसने भारतीय दंड संहिता के तहत दंडनीय अपराध किया है। हर्ष ने बाबूपुरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की लेकिन रिपोर्ट दर्ज न होने पर कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।