कानपुर में तीन जून को नई सड़क पर हुए बवाल के दौरान रियाज नाम के जिस किशोर को गोली के छर्रे लगने की बात कही जा रही थी रविवार को पुलिस ने उसे खोज निकाला। रियाज के सीने के पास दो निशान नजर आ रहे हैं। दावा है कि वह छर्रे लगने से ही जख्मी हुआ था। सोमवार को किशोर का मेडिकल कराया जाएगा।
विज्ञापन
जिससे यह पता चल सकेगा कि उसे छर्रे लगे थे या कुछ और। तीन चार दिन पहले चमनगंज स्थित मनामा अस्पताल की तरफ से पुलिस को जानकारी दी गई थी कि बवाल वाले दिन शाम को एक घायल किशोर वहां पहुंचा था, जिसको छर्रे लगे थे। मगर बगैर इलाज कराए वह चला गया था। वहीं, किशोर ने पुलिस को बताया कि वह दवा लेने जा रहा था तभी उसको गोली के छर्रे लगे थे।
मुख्तार बाबा का लड़का भी हिंसा के केस में आरोपी
एसआईटी ने मुख्तार बाबा के बेटे उमर को भी आरोपी बनाया है। वह फरार है। एसआईटी उसकी भी तलाश कर रही है। फरार आरोपियों के खिलाफ एसआईटी अब एनबीडब्ल्यू लेने की तैयारी कर रही है। उसके बाद कुर्की भी की जाएगी।