कानपुुर में उर्सला अस्पताल में एक के बाद एक अव्यवस्थाएं और भ्रष्टाचार सामने आ रहा है। आयुष्मान रोगियों से पैसे लेकर सर्जरी और उपकरण का मामला सामने आने के बाद अब मरीजों ने बताया कि सर्जरी से पहले पैसे न लेने का लिखित बयान लिया जा रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल के दौरान रोगियों ने बताया कि ऑपरेशन करवाने के चक्कर में पैसे भी देने पड़ते हैं और पैसे न लेने का लिखित बयान भी।
पेपर में लिखवाया, कोई पैसा नहीं पड़ा
तीमारदारों का कहना है कि सर्जरी करने के लिए जब रोगी को ओटी में लेकर जाते हैं, तो उससे पहले ही हमसे एक पेपर में लिखवा लिया था कि अस्पताल में इलाज के लिए हमसे कोई पैसा नहीं पड़ा है, जबकि पैसे हमसे लिए जा रहे हैं। प्राइवेट अस्पताल जैसे यहां पैसे नहीं पड़ते और इलाज भी जरूरी होता है, इस कारण हम लोग चुपचाप लिख देते हैं।
निदेशक बोले- सारे रोगियों से ये नहीं लिखवाया जाता
उर्सला के निदेशक डॉ. बीसी पाल ने बताया कि अस्पताल में सारे रोगियों से ये नहीं लिखवाया जाता है। अगर कोई शिकायत आती है, तो उसमें जांच में पूछताछ के बाद अगर ये सामने आता है कि अस्पताल में रुपये नहीं लिए गए, तो रोगी को लिखकर देना होता है। अगर किसी रोगी से रुपये लिए गए हैं, तो वह मुझसे आकर संपर्क करे।