कानपुर के सरसैया घाट से बैराज तक प्रस्तावित पुल निर्माण का काम जल्द ही तेजी पकड़ेगा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने प्रस्तावित पुल के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निर्माण निगम को 57.90 लाख रुपये दे दिए हैं।
इस धन से सर्वेक्षण, मृदा परीक्षण एवं डिजाइन आदि का काम होगा। पुल बन जाने से न केवल ट्रांसगंगा सिटी के आवंटियों को पहुंचने में आसानी होगी, बल्कि शहर के लोगों को भी उस पार जाने में कम दूरी तय करनी होग। फोर लेन के पुल के लिए शुरुआती सर्वेक्षण मई में पूरा होने के बाद जून में सेतु निर्माण निगम ने अलाइनमेंट तैयार किया था।
इसकी स्वीकृति के बाद सेतु निगम ने सर्वेक्षण तथा मृदा परीक्षण आदि के लिए यूपीसीडा से धन मांगा था। यह धन अब प्राधिकरण ने जारी कर दिया है। अन्य विभागों से भी आर्थिक सहयोग करने की मांग की है। पुल बन जाने से सरसैया घाट से ट्रांसगंगा सिटी तक की दूरी, 14 किलोमीटर से घटकर तीन-चार किलोमीटर रह जाएगी। अभी सभी को बैराज होकर जाना पड़ता है। साथ ही लखनऊ से भी आवागमन में आसानी होगी।