ग्वालटोली में वेलेंटाइन डे पर प्रेमिका से फोन पर हुए झगड़े और काकादेव में सूखा नशा करने को लेकर परिजनों से हुए विवाद के बाद दो युवकों ने फंदा लगाकर जान दे दी। काकादेव के शास्त्री नगर हंसनगर निवासी राजकुमार का बेटा आशीष पासवान (27) ई-रिक्शा चालक था। परिवार में पत्नी काजल, बेटी दिव्यांशी, बेटा आदर्श हैं। परिजनों ने बताया कि आशीष सूखा नशा करता था। परिजन बच्चों की दुहाई देकर नशा करने का विरोध करते थे। शनिवार देर रात आशीष नशे में घर लौटा तो उसका परिजनों से विवाद हो गया। इसके बाद खुद को कमरे में बंद करके दुपट्टे से फंदा लगा लिया। काकादेव इंस्पेक्टर राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
इसी प्रकार ग्वालटोली के अहिराना निवासी रामकुमार का बेटा अतुल कश्यप (25) पीओपी का काम करता था। चाचा शिवकुमार ने बताया कि उसका किसी युवती से प्रेम प्रसंग था। वेलेंटाइन डे पर प्रेमिका से फोन पर कहासुनी के बाद ही उसने फंदा लगाकर जान दे दी। बताया इससे पहले भी वह तीन बार खुदकुशी का प्रयास कर चुका था। ग्वालटोली थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।