ईदगाह से ब्रह्म नगर चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर डॉट नाला धंसा
- फोटो : अमर उजाला
ईदगाह से ब्रह्मनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर डॉट नाला धंसने से दो मकान भी जद में आ गए हैं। इस पर नगर निगम ने भवन स्वामियों को नोटिस दिया है। मकान गिरने की आशंका में नगर निगम ने भवन खाली करने के लिए कहा है। ईदगाह से ब्रह्मनगर चौराहा जाने वाले मार्ग पर 27 अगस्त को डॉट नाला धंस गया था। नगर निगम जोन-4 की टीम ने सर्वे किया और मरम्मत के लिए लोहे के गर्डर व पाइप मंगवाकर सड़क पर रखवा दिए।
तभी पता चला कि डॉट नाला धंसने से यहां से गुजरी जलकल की लाइनें फट गई हैं जिससे पानी गड्ढे में भरने के बाद सड़क पर भी आने लगा। जलकल ने 10 और 16 इंच की दो लाइनों की मरम्मत रविवार को पूरी कर ली है। इस दौरान नाले का बहाव तेज होने से कटान जारी है। इसे देखते हुए इस धंसे डॉट नाले की जद में आने वाले मकानों के मालिक अशोक कुरील और अभय प्रताप सिंह को नगर निगम ने नोटिस जारी किया है। जोन-4 के अवर अभियंता आकाशदीप ने बताया कि दोनों भवन स्वामियों को मकान खाली करने के लिए कहा गया है। उधर, जलकल के अवर अभियंता रविकांत ने बताया कि फटे पाइप बदल दिए गए हैं, अब डॉट नाला मरम्मत का कार्य शुरू होगा।
जाजमऊ में शुरू हुआ मरम्मत कार्य
जाजमऊ के वीआईपी रोड स्थित सरैयां चौराहा पर बुधवार को बारिश में 18 फीट गहरा गड्ढा हो गया था। रविवार से नगर निगम और जलकल की टीमों ने मरम्मत कार्य शुरू कराया। उधर, जीटी रोड पर अफीम कोठी के आगे धंसे डॉट नाले से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत जलकल जोन-1 कर्मी करा रहे हैं। इस वजह से जीटी रोड के पीछे की लक्ष्मीपुरवा, शक्कर मिल खलवा बस्तियों में पानी भरा हुआ है। रविवार को भी जलकल कर्मी पंप लगवाकर पानी निकासी कराते रहे।