कानपुर के कर्नलगंज में बाइक सवार बदमाशों ने नौबस्ता के हनुमंत विहार निवासी श्याम जी शुक्ला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। बैग में एक लाख 25 हजार 580 रुपये थे। श्याम जी लाजपत नगर की श्री भागवत इंडेन गैस एजेंसी में कैशियर हैं।
उन्होंने बताया कि गुरुवार दोपहर को डिलीवरी करने वालों से कैश लेने के बाद वाहनों में सिलिंडर लोड करा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की अपाचे बाइक से आए दो बदमाशों ने उनकी आंख में पाउडर डालकर बैग लूट लिया और लाल इमली की ओर फरार हो गए।
सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे कर्नलगंज थाना प्रभारी प्रभुकांत ने पूछताछ की। बताया कि पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों बदमाश कैद हुए हैं। हुलिये के आधार पर कर्नलगंज व बेकनगंज क्षेत्र के कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है।