पुलिस के हिरासत में शुभम अग्निहोत्री और राहुल अग्निहोत्री
- फोटो : अमर उजाला
काकादेव थाना क्षेत्र के अंबेडकरनगर में फर्जी वसीयत तैयार करके मकान पर कब्जा करने, रंगदारी और धमकाने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी शुभम अग्निहोत्री उर्फ पूती व राहुल मूलरूप से फर्रुखाबाद के सेनापत निवासी हैं। यहां दोनों पीरोड साईं मंदिर के पास पूर्व पार्षद महेंद्र शुक्ला के घर में किराये पर रह रहे थे। मामले में कुल नौ लोगों पर दो सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
गाजियाबाद के सी वसुंधरा सी-ब्लॉक सेक्टर निवासी नमित अग्निहोत्री ने दर्ज रिपोर्ट में बताया था कि उनका पैतृक मकान अंबेडकरनगर काकादेव में है। आरोप है कि चचेरे भाई अनूप ने मकान की फर्जी वसीयत तैयार कर जमीन अपने बेटे शुभम के नाम रजिस्टर्ड दान लिख दी। इसमें उनका साथ उनके दूसरे बेटे राहुल व बेटी मीनाक्षी ने दिया। विरोध किया तो रंगदारी मांगी। डीसीपी सेंट्रल के आदेश पर अनूप, शुभम, राहुल, मीनाझी व पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर की गई थी। सोमवार को देवकी चौराहे के पास से दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया।