निरीक्षण करते जलकल विभाग और जल निगम के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
जूही बम्बुरहिया में नया ट्यूबवेल लगाने के लिए बुधवार को जलकल विभाग और जल निगम की टीम ने संयुक्त निरीक्षण किया। ट्यूबवेल के लिए दो स्थान चिह्नित किए गए हैं। तय हुआ कि वहां से लगभग 2500 मीटर पाइपलाइन बिछाकर घर-घर पानी पहुंचाया जाएगा।
जूही बम्बुरहिया, जूही गढ़ा का भूगर्भ जल प्रदूषित है। वहां से हैंडपंपों, सबमर्सिबल के पानी में क्रोमियम भी आता है, जिसकी वजह से वहां रह रहे करीब 10 हजार लोगों के सामने पीने के पानी का संकट है। जलकल विभाग वहां टैंकरों से शुद्ध पानी भेजता है, जिन्हें लोग पीने, खाना बनाने आदि के लिए इस्तेमाल करते हैं। क्षेत्रीय पार्षद शालू कनौजिया ने नगर निगम और जलकल विभाग से डीप बोरिंग ट्यूबवेल लगवाने और पाइपलाइन बिछाने की मांग की थी।