नजीराबाद क्षेत्र स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास शराब ठेके के सेल्समैन ने ट्रेन के सामने आकर जान दे दी। ठेके में हुई चोरी का आरोप खुद पर लगने से वह मानसिक तनाव में आ गया। बुधवार सुबह वो अपनी पत्नी से बोला कि मुझे आखिरी बार देख लो... अब मैं लौटकर नहीं आऊंगा। इसके बाद ही उसने खुदकुशी कर ली। मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट को पुलिस ने सील कर दिया है। घटना के बाद परिवार वालों ने ठेका संचालकों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जवाहरनगर निवासी संतोष कुमार गुप्ता (57) अस्सी फिट रोड स्थित शराब ठेके में सेल्समैन थे। पत्नी शीला ने बताया कि करीब एक महीने पहले शराब ठेके पर 20 हजार रुपये की चोरी हुई थी। ठेका मालिक ने पति संतोष पर ही चोरी का आरोप लगा दिया था। आए दिन उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था। इसके कारण वह मानसिक तनाव आ गए थे। शीला के मुताबिक पिछले तीन दिन से संतोष जब घर से निकलते थे तो यही कहते थे कि आखिरी बार देख लो..अब नहीं लौटूंगा।
वह पति को समझाती थी कि यह समय भी गुजर जाएगा, लेकिन उनकी स्थिति ठीक नहीं हो रही थी। शीला ने बताया कि बुधवार को सुबह घर से निकलने के बाद वह ठेके पर चले गए। वहां पर फिर से उनसे बदसलूकी की गई। इसके बाद वह गुमटी क्राॅसिंग की तरफ आ गए और सुबह करीब 10ः45 बजे उन्होंने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। संतोष के बेटे यश गुप्ता ने तहरीर दी है। इसमें गुड्डू, कमल और नरेश पर पिता संतोष पर चोरी का इल्जाम और नौकरी से निकालने की धमकी देकर प्रताड़ित करने व इन लोगों की मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पिता के खुदकुशी करने का आरोप लगाया है। मृतक की जेब में एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने उसे सील कर दिया है।
सुसाइड नोट: मैं अपनी मर्जी से जान दे रहा हूं
मैं अपनी मर्जी से जान दे रहा हूं। जो 20 हजार रुपए चोरी हुए हैं, वह मैंने नहीं चुराए। मैं अपनी जिंदगी से तंग आ गया हूं। मुझसे अब और बर्दाश्त नहीं हो रहा है। मैं और जीना नहीं चाहता। मेरी मौत के बाद मेरे परिवार वालों को परेशान न किया जाए।