150 नई ई-बसें आएंगी, गंगा बैराज के पास बनेगा नया चार्जिंग स्टेशन
ई-बसों के बेड़े में 150 बसें और शामिल होने जा रही हैं। इन बसों को 28 रूटों पर चलाया जाएगा। इसके अलावा गंगा बैराज से मंधना के बीच नया चार्जिंग स्टेशन बनेगा। अभी अहिरवां के नवीननगर में चार्जिंग स्टेशन है। 100 किमी चलने पर बसों को दोबारा चार्जिंग के लिए यहां लाना पड़ता है।
नया चार्जिंग स्टेशन बनने पर दोबारा अहिरवां नहीं जाना होगा। एमएलसी चुनाव की आचार संहिता खत्म होते ही बसें आने लगेंगी। अभी 98 बसें चल रही हैं। कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक डीवी सिंह ने बताया कि नई ई-बसों को चार्ज करने के लिए नए चार्जिंग स्टेशन और पार्किंग की जरूरत होगी।
अहिरवां में 100 बसों की पार्किंग पहले की तरह होती रहेगी। मंधना से गंगा बैराज के बीच नया ई-बस डिपो खोलना प्रस्तावित है। पांच एकड़ जमीन मांगी गई है। प्रशासन से जमीन मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। बता दें कि नई बसों से यात्रियों का फायदा होगा।
कल दिल्ली से नहीं आएगी महानंदा एक्सप्रेस
दिल्ली से अलीपुरद्वार सिक्किम जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस (15484) 16 जनवरी को निरस्त रहेगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल नहीं आएगी। 14 जनवरी को अलीपुरद्वार से चलने वाली ट्रेन निरस्त होने की वजह से ट्रेन सोमवार को नहीं आएगी। महानंदा एक्सप्रेस प्रतिदिन चलती है।