तिलकनगर निवासी व्यापारी दिलीप कपूर के साथ शातिरों ने 37 लाख की साइबर ठगी की है। शातिरों ने यह रकम उनसे फर्जी एप और झूठे निवेश प्लेटफॉर्म के जरिये की गई। पीड़ित ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि संदीप और तनुश्री नाम के दो लोगों ने व्हाट्सएप पर संपर्क किया। मोटे मुनाफे का लालच देेकर एक कंपनी के आईपीओ में निवेश कराया। दोनों ने फाइवप्रीएस नामक एक फर्जी एप तैयार कर उसके माध्यम से निवेश कराया।
धीरे-धीरे अच्छे रिटर्न के लालच में आकर उन्होंने जुलाई से अगस्त 2025 के बीच विभिन्न खातों में करीब 37 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने सामान्य कॉल के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की तो आरोपियों के फोन नंबर बंद मिले। केवल व्हाट्सएप पर ही उपलब्ध थे। आरोपियों ने निवेशकों का एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया था जिसमें लोग खुद को संतुष्ट निवेशक दिखाकर भरोसा दिलाते थे। एप बंद होने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। साइबर थाना प्रभारी सतीश यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। किसी भी निवेश या ट्रेडिंग एप पर भरोसा करने से पहले उसकी वैधता की पुष्टि अवश्य करें।