फजलगंज थानाक्षेत्र में बीमारी से तंग आकर वृद्ध दुकानदार रविवार देर शाम गोविंदपुरी पुल से छलांग लगा दी। देर रात होमगार्ड की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमाॅर्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमाॅर्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
लाजपतनगर निवासी अर्जुन दास भाटिया (67) घर के बाहर चिप्स, कोल्ड्रिंक की दुकान चलाते थे। पत्नी बीना का कैंसर की वजह से कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। बेटे अंकित ने बताया कि पिता को पाइल्स, शुगर के साथ पेट संबंधित अन्य बीमारियां थी। एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। राहत न मिलने के चलते वह डिप्रेशन में रहने लगे थे। रविवार देर शाम वह बिना बताए घर से पैदल निकल गए। देर रात तक पिता के वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद वह अपने चचेरे भाईयों अमित, रमन और दामाद हनी के साथ खोजबीन करते हुए हैलट पहुंचे। वहां पिता के गोविंदपुरी पुल से छलांग लगाकर जान देने की बात पता चली। इंस्पेक्टर फजलगंज सुनील कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने बीमारी की वजह से अवसाद में घटना को अंजाम देने की बात बताई है। किसी पर कोई आरोप प्रत्यारोप नहीं है।