कल्याणपुर के गणपति मार्केट स्थित एक बुटीक से अधिवक्ता की पत्नी का सोने का कंगन चोरी करने वाली अंतरराज्यीय महिला गैंग की तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये तीनों मध्य प्रदेश के राजगढ़ की रहने वाली हैं। इनके खिलाफ दिल्ली, बुलंदशहर, अलीगढ़ और लखनऊ में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से सोने का कंगन और दो मोबाइल बरामद किए हैं।
विज्ञापन
28 अक्तूबर को अधिवक्ता शशांक सिंह की पत्नी पारुल के पर्स से खरीदारी के दौरान सोने का कंगन चोरी हुआ था। कल्याणपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। ऑपरेशन त्रिनेत्र के कैमरों की फुटेज से महिलाओं की पहचान हुई। मंगलवार को पुलिस ने तीनों को गंगा एन्क्लेव के पास से पकड़ लिया। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान अंजली सिसौदिया, जयरानी और कासो के रूप में हुई। जयरानी के बैग से चोरी का कंगन और अंजली के बैग से दो मोबाइल बरामद हुए। कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
महिलाओं ने बताया कि वे बाजारों, बुटीक और पार्लर को निशाना बनाती हैं। गैंग की सदस्य खरीदारी के बहाने भीड़ बनाकर ध्यान भटकाती हैं और कीमती सामान चुरा लेती हैं। अंजली सिसौदिया के खिलाफ दिल्ली के अशोक विहार और मैदानगढ़ी सहित बुलंदशहर में चार मुकदमे दर्ज हैं। कासो के खिलाफ दिल्ली, अलीगढ़, लखनऊ और मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भी चोरी के मामले दर्ज हैं।