बिधनू, रेउना, बिल्हौर थाने में बनेंगे अस्थायी फायर स्टेशन
- फोटो : amar ujala
कानपुर में बिधनू, रेउना, बिल्हौर थाने में अस्थायी फायर स्टेशन बनाए जाएंगे। वहां एक फायर टेंडर और अग्निशमन कर्मचारी तैनात रहेंगे। यह व्यवस्था गर्मियों में ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाली आग की घटनाओं को देखते हुए की जा रही है। अप्रैल के पहले हफ्ते से वाहन और कर्मचारियों की तैनाती कर दी जाएगी। उन क्षेत्रों के होटल, सरकारी कार्यालय, मॉल और हॉस्पिटल संचालकों से पानी की आपूर्ति के लिए बातचीत की गई है। अलग-अलग थानों और स्कूल कॉलेजों में मॉकडि्रल शुरू हो गई है।
गर्मियों में शाॅर्ट सर्किट, एचटी लाइन के टूटने से फसल और झोपड़ियां जलने की सबसे ज्यादा घटनाएं होती हैं। शहर में कई फायर स्टेशन हैं लेकिन घाटमपुर, सजेती, बिल्हौर, ककवन, अरौल जैसे क्षेत्रों में पहुंचने में लंबा समय लग जाता है। इस समस्या को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने ग्रामीण क्षेत्राें में अस्थायी फायर स्टेशन बनाने का निर्णय किया है। पहले चरण में बिधनू, रेउना और बिल्हौर थाने को चिह्नित किया गया है।