कानपुर के बाबूपुरवा थाना क्षेत्र में साइबर ठग ने आढ़ती की पत्नी को वाट्सऐप पर मैसेज कर केबीसी में लाटरी लगने का लालच देकर तीन लाख ठग लिए। इसके बाद भी ईनाम की रकम न मिलने पर ठगी का पता चलने पर एसपी साउथ से मामले की शिकायत की है।
आनंदपुरी निवासी आढ़ती की पत्नी नीना गुप्ता ने बताया कि हाल ही में उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया था। मैसेज में कौन बनेगा करोड़पति की ओर से 25 लाख की लाटरी लगने की बात बताई गई थी। दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो खुद को बैंक का अधिकारी बताने वाले साइबर ठग ने टैक्स के नाम पर कई बार में तीन लाख रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद भी ठग लगातार फोन कर और पैसे ट्रांसफर करने की मांग करता रहा। ठगी का एहसास होने पर अधिकारी से शिकायत की है। एसपी साउथ दीपक भूकर ने बताया कि महिला से मामले को लेकर तहरीर देने को कहा गया है रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।