फजलगंज पुलिस ने क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शहरभर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से 32 घंटे के भीतर सोमवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर सौ फीसदी चोरी का माल व नकदी बरामद करने का दावा किया है। डीसीपी सेंट्रल ने गुडवर्क करने वाली टीम को 10 हजार के इनाम की घोषणा की है।
एडीसीपी सेंट्रल राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की पहचान उन्नाव जिले के सफीपुर थानाक्षेत्र के सालेनगर निवासी आशीष पासवान उर्फ कल्लू के रूप में हुई। वह वर्तमान में शास्त्रीनगर में रह रहा है। चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच के दौरान शहर से लेकर उन्नाव सीमा तक लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर उन्नाव गई टीम को उसका मोबाइल नंबर मिला। इसके बाद सर्विलांस के जरिए उसे शास्त्रीनगर घर के पास से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दहेज हत्या में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ उन्नाव व कानपुर में चार आपराधिक मामले दर्ज है। शराब और खाने पीने का शौक पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं का अंजाम देता है। उसके पास से चुराई गई तन्जानिया की करेंसी, तीन मोबाइल फोन्वसमेत जेवर बरामद किए गए हैं। दोपहर बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। बता दें, कालपी रोड स्थित फजलगंज इंडस्ट्रियल एस्टेट में रहने वाली वीना आहूजा के घर रविवार की सुबह जेवर, नकदी और सामान समेत 10 लाख की चोरी हो गई थी। घटना के वक्त वीना घर में ही एक कमरे में पूजा कर रही थी।