कानपुर के स्वरूप नगर में चोरों ने डॉक्टर दंपती के घर का ताला तोड़ कर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। पॉश इलाके में हुई घटना से हड़कंप मच गया। घटना के वक्त डॉक्टर दंपती भोपाल में था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है।
स्वरूप नगर निवासी वैभव दीक्षित ने पुलिस को बताया कि उनकी नानी डॉक्टर मीरा अग्निहोत्री (आईएमए पूर्व अध्यक्ष), नाना डॉक्टर रमेश चंद्र अग्निहोत्री के साथ इलाके के मीराकुंज भवन में रहते हैं। दोनों दिसंबर में भोपाल में रहने वाले रिश्तेदार के घर गए थे।
तब से वहीं रह रहे थे। वैभव के अनुसार बुधवार दोपहर नाना ने फोन पर घर लौटने की बात कही। इस पर वह मां के साथ नाना के घर पहुंचे। दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन खुला नहीं। इस पर नौकर के साथ बगीचे की तरफ बने दरवाजे को खोलने पहुंचे तो दरवाजे का जाल निकला पाया।
अंदर जाकर देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था। अंदर के गेट और अलमारियों के ताले भी टूटे पड़े थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनसे चोरी गए सामान की कीमत जाननी चाही, लेकिन वे कोई जानकारी नहीं दे सके। शासन में पूर्व मुख्य सचिव रहे आरके तिवारी डॉक्टर दंपती के नजदीकी रिश्तेदार बताए जाते हैं। स्वरूप नगर थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर चोर को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।