कानपुर के कोहना थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलक नगर स्थित सृष्टि अपार्टमेंट में शनिवार रात कारोबारी गिरधर अग्रवाल के फ्लैट में हुई 70 लाख की चोरी के मामले में कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। जांच में पता चला है कि चोर अपार्टमेंट के पीछे वाले गेट से कूदकर दाखिल हुए।
फ्लैट से दो लाख नकद, करीब 70 लाख के जेवरात समेटकर सफेद रंग की स्विफ्ट और क्रेटा कार से फरार हुए। पुलिस शातिरों व कारों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक अपार्टमेंट के पीछे कीचड़ में चोरों के पैरों के कीचड़ के निशान मिले हैं।
आशंका है कि चोरों ने वारदात से पहले रेकी कर पता किया कि गेट पर कटीले तार और सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। चोरी करने के बाद दोनों चोर अलग-अलग कारों से वीआईपी रोड होते हुए कंपनी बाग चौराहे की निकल गए। पुलिस आगे की लोकेशन ट्रेस कर रही है।
परिचित पर शक गहराया
पुलिस को शक है कि अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में दिखाई दिए चोर कारोबारी के परिचित हैं। शातिरों को मालूम था कि तीसरी मंजिल पर कारोबारी के फ्लैट में कोई नहीं है। सर्विलांस टीम ने घटना की रात दो बजे से चार बजे के बीच के 18 संदिग्ध मोबाइल नंबर ट्रेस किए हैं। एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।