नगर आयुक्त ने शिवालय पार्क के लिए जमीन चिह्नित की
- फोटो : अमर उजाला
आने वाले समय में गौतम बुद्धा पार्क के पास 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतिरूपों के दर्शन होंगे। इसके लिए यहां शिवालय पार्क बनेगा। गुरुवार को नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने निर्माण के लिए जगह चिह्नित की। बताया कि 29 अगस्त को वह केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल से इस जमीन की एनओसी के लिए बात करेंगे।
नगर आयुक्त ने शिवालय पार्क निर्माण के लिए गंगा बैराज, श्यामनगर में जगह देखने के बाद अब मातहतों के साथ इंद्रानगर स्थित बुद्धा पार्क का निरीक्षण किया। इस पार्क में आगे की तरफ पूर्व में सुंदरीकरण कराया गया था जबकि पीछे की तरफ घने पेड़, झाड़ियां हैं। यहां पार्क में पीछे की तरफ पांच एकड़ जमीन पर शिवालय पार्क बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बताया कि यह पार्क प्रयागराज के शिवालय पार्क की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इसमें भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों के प्रतिरूप (प्रोटोटाइप) स्थापित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य है कि नगरवासियों को एक ही स्थान पर सभी ज्योतिर्लिंगों के दर्शन हो सकें और उनके धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी भी दी जा सके। पार्क के माध्यम से नागरिकों को आध्यात्मिक शिक्षा, सांस्कृतिक जानकारी एवं मनोरंजन एक ही स्थल पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
हैप्पीनेस पार्क भी होगा विकसित
शिवालय पार्क परिसर में ही हैप्पीनेस पार्क भी विकसित किया जाएगा। इसमें शहर की हैप्पीनेस इंडेक्स प्राप्त पहचान को प्रदर्शित किया जाएगा। बच्चों और युवाओं के लिए मनोरंजन, शैक्षिक गतिविधियां भी होंगी।
यह सुविधाएं भी मिलेंगी
पार्क में बच्चों के खेलकूद सहित अन्य मनोरंजक के लिए अत्याधुनिक चिल्ड्रेन पार्क, आकर्षक वॉटर बॉल झील, कैफे भी बनेगा।