साक्ष्यों की कमी और गिरफ्तारी का आधार न होने की वजह
उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। संतोष के बेटे राहुल की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। शनिवार देर रात ठेकेदार गुड्डू सचान की अज्ञात पुत्री को आरोपी बनाया गया। अगले दिन थार चला रही बेटी गीत सचान को गिरफ्तार कर लिया। कुछ घंटे बाद ही कोर्ट में पेशी के दौरान गैरइरादतन हत्या में भी साक्ष्यों की कमी और गिरफ्तारी का आधार व कारण न होने की वजह से गीता को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। बीते दो दिनों से पूरा मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
आरोपी को दोबारा कोर्ट ले जाया जाएगा
इससे पुलिस की किरकिरी हो रही है। इस बारे में डीसीपी का कहना है कि घटना से लेकर आरोपी को कोर्ट तक ले जाने तक में पुलिस को अधिक समय नहीं मिल सका। इस कारण हो सकता है कि कुछ कमियां रह गई हों लेकिन मामला अभी गैरइरादतन हत्या का ही रहेगा। विवेचना इसी ओर चलेगी। विधिक कमियों को पूरा कर आरोपी को दोबारा कोर्ट ले जाया जाएगा और प्रयास रहेगा कि न्यायिक अभिरक्षा मिल जाए।
आरोपी युवती बोली- मैंने नहीं, गड्ढों ने ली थी एजेंट की जान
गीता के पिता घटना को लेकर मंगलवार को सोशल मीडिया पर माफी मांगते नजर आ रहे थे। बुधवार को खुद आरोपी गीता सामने आई। उसने मीडिया से कहा कि मैंने नहीं, घटनास्थल के गड्ढों ने एजेंट की जान ली है। गीत के मुताबिक गड्ढों से गाड़ी को बचाने के लिए उसने गाड़ी को बाईं ओर किया तो वहीं से एजेंट भी आ रहे थे। घबराहट में उसका पैर ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर पड़ गया जिससे दर्दनाक हादसा हो गया।
राहुल- शुरू से ही रही पुलिस की लापरवाही
मामले में एजेंट के बेटे राहुल सिंह का कहना है कि मामला ड्रिंक एंड ड्राइव का था। इसमें पुलिस ने शुरू से ही लापरवाही बरती। इसका ही खामियाजा यह रहा कि गीत रिहा हो गई। पुलिस को हिट एंड रन का केस बनाना चाहिए था। राहुल के मुताबिक आरोपी पक्ष प्रभावशाली है। इस कारण उनके परिवार को सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इंसाफ की लड़ाई में वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने आरोपी का पासपोर्ट जब्त करने की मांग की ताकि वह देश से बाहर न जा सके।
सुरेश सिंह- जोड़नी होंगी सबूतों की मजबूत कड़ियां
एफआईआर और पुलिस की विवेचना दोनों में अंतर शुरुआती दौर में ही दिखने से मुकदमा कमजोर हुआ। उस पर गिरफ्तारी का कारण और आधार पर्याप्त न होना भी एक बड़ी कागजी कमी साबित हुई। अब पुलिस या तो मजिस्ट्रेट के आदेश के खिलाफ रिवीजन कर सकती है या फिर विवेचना की कमियों को दूर करते हुए सबूतों की मजबूत कड़ियां जोड़कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करे ताकि दोषी को उसके किए की सजा मिल सके।